शुभमन गिल चुने गए क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट की मानें, तो 15 मार्च को होने वाले बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स में शुभमन गिल को क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना जाएगा. वहीं, द्रविड़ को एक बड़ा सम्मान मिलने वाला है.
दिल्ली: भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, गिल को बीसीसीआई के सालाना नमन अवॉर्ड्स में इस बार क्रिकेटर ऑफ द ईयर के अवॉर्ड से नवाजा जाएगा. वहीं, कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए राहुल द्रविड़ का नाम तय किया गया है. इन दोनों क्रिकेटरों को ये अवॉर्ड 15 मार्च को सौंपे जाएंगे.
शुभमन गिल को मिला शानदार प्रदर्शन का इनाम
बता दें कि गिल ने पिछले साल वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में खूब बनाए थे. वह टेस्ट फॉर्मेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे, उनके बल्ले से 9 मुकाबलों में 983 रन आए थे.
वहीं, वनडे में गिल ने 11 मुकाबलों में 490 रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी. इस तरह के प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने गिल को क्रिकेटर ऑफ द ईयर के अवॉर्ड से सम्मनित करने फैसला लिया है.
राहुल द्रविड़ को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
भारतीय क्रिकेट में राहुल द्रविड़ एक बहुत बड़ा नाम हैं. उन्होंने खिलाड़ी के तौर पर टीम को कई मौकों पर यादगार जीत दिलाई हैं. वहीं, बतौर कोच उन्होंने 2024 में भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था. भारतीय क्रिकेट में उनके कद को देखते हुए BCCI आगामी नमन अवॉर्ड्स में उन्हें कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देगा.
मिताली राज और आयुष म्हात्रे भी लिस्ट में शामिल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड द्वारा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने पर विचार किया जा रहा है. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को घरेलू क्रिकेट में बेस्ट ऑलराउंड प्रदर्शन करने के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड के सम्मान से नवाजा जाएगा.
