हर खिलाड़ी के हिस्से में आएंगे 6 करोड़
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा बीते दिन एक बड़ी घोषणा हुई. दरअसल, बोर्ड ने ऐलान किया है कि टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए पूरी टीम को 131 करोड़ रुपये इनाम में मिलेंगे. इस राशि में से हर खिलाड़ी को 6 करोड़ रुपये मिलेंगे.
दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने गत मंगलवार को टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने के लिए टीम इंडिया के लिए एक बड़े इनाम का ऐलान किया. BCCI की तरफ से भारतीय टीम को इनाम के तौर पर 131 करोड़ रुपये मिलेंगे.
पिछली बार, जब 2024 में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज और यूएसए की सह-मेजबानी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के खिताब पर कब्जा जमाया था, तब मेन इन ब्लू को बोर्ड की तरफ से इनाम में 125 करोड़ रूपये मिले थे. इस बार बीसीसीआई ने इनाम की रकम में 6 करोड़ रूपये का इजाफा किया है. बीसीसीआई के इस कदम की काफी सराहना हो रही है.
सैमसन और बुमराह को कितनी राशि मिलेगी?
कई सारे फैंस के मन में ये सवाल जरूर होगा कि इतनी बड़ी रकम में से संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह को कितने करोड़ रूपये मिलेंगे? क्योंकि इन दोनों ही प्लेयर्स का टीम इंडिया को विनर बनवाने में सबसे अहम रोल रहा है. सैमसन ने टूर्नामेंट में 5 पारियों में 321 रन बनाए थे, जबकि बुमराह ने 14 विकेटें हासिल की थीं.
हर खिलाड़ी को मिलेंगे 6 करोड़
फैंस के इस अहम सवाल का जवाब हमारे पास है. द हिन्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, 131 करोड़ के इनाम में से टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के स्कवॉड में शामिल हर खिलाड़ी को 6 करोड़ रूपये मिलेंगे. टीम इंडिया के दल में 15 खिलाड़ी थे. इस तरह 90 करोड़ रुपये इनमें बंट जाएंगे. वहीं, बाकी के 41 करोड़ रुपये को कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ मेंबर्स में बांटा जाएगा. 2024 में मिले 125 करोड़ के इनाम में से हर खिलाड़ी के हिस्से में 5 करोड़ रुपये आए थे.
फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को दी थी मात
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था. अहमदाबाद में हुए इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करके 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए थे. जवाब में मिचेल सैंटनर की पूरी टीम 19 ओवरों में 159 रनों पर ढेर हो गई थी और भारत ने 96 रनों से मुकाबला अपने नाम करके लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती ली.
