Overview:
बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में खेले गए पहले वनडे मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा है.
दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान का शर्मनाक प्रदर्शन बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में जारी रहा. बुधवार को मीरपुर में खेले गए पहले वनडे मैच में पाकिस्तान को बांग्लादेश ने करारी हार थमा दी. जिसके बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बुरी तरह से भड़के हुए नजर आ रहे हैं.
पाकिस्तान को बांग्लादेश ने पहले वनडे में थमाई थी करारी हार
मीरपुर वनडे में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को सिर्फ 114 रन के स्कोर पर ढेर करने के बाद इस स्कोर को 15 ओवर में ही 2 विकेट खोकर भेद दिया और पाकिस्तान को कभी ना भुलने वाली हार का जख्म दिया.
हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज का विवादित बयान
अब पाकिस्तान की हार के बाद उनके पूर्व दिग्गज बुरी तरह से भड़के हुए हैं, जिसमें पूर्व पाक क्रिकेटर बासिल अली ने टीम की हार के लिए टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है और इतना तक कह दिया है कि इस मैच में रणनीति बनाने वाले को तो गोली से उड़ा देना चाहिए.
टीम मैनेजमेंट में बैठे लोगों को गोली से उड़ाने की कही बात
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों में से एक रहे बासिल अली ने एक इंटरव्यू के दौरान इस हार की कड़ी निंदा की है और उन्होंने सीधे तौर पर टीम मैनेजमेंट को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, ‘सबसे पहले उस शख्स को गोली मारो, जिसने इन्हें पावरप्ले के 10 ओवरों में कम से कम 60 रन बनाने के लिए कहा था. उसने कभी मैदान पर क्रिकेट नहीं खेला. वो बस कागज का एक टुकड़ा थमा देता है. क्या उसने नहीं देखा कि यहां के हालात कैसे हैं? क्या उसे नहीं पता था कि भारत जैसी टीम भी बांग्लादेश में हार चुकी है?’
