मुख्य बिंदु:
कई बार ऐसा लगता है कि बुमराह क्रिकेट के लिए पूरी तरह दीवाने हैं, लेकिन अब उनके बारे में एक दिलचस्प और अलग पहलू सामने आया है, जो क्रिकेट से बिल्कुल अलग है.
दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर जसप्रीत बुमराह अपनी सटीक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. हर फॉर्मेट में, हर परिस्थिति में उनकी गेंदबाजी में खासियत साफ नजर आती है. कई बार ऐसा लगता है कि बुमराह क्रिकेट के लिए पूरी तरह दीवाने हैं, लेकिन अब उनके बारे में एक दिलचस्प और अलग पहलू सामने आया है, जो क्रिकेट से बिल्कुल अलग है.
बुमराह को क्रिकेट नहीं, खुशबू का है जुनून
टीम इंडिया के टी20 उपकप्तान अक्षर पटेल ने खुलासा किया है कि बुमराह खाने-पीने की चीजों के नहीं, बल्कि परफ्यूम के जबरदस्त शौकीन हैं. अक्षर ने एक यूट्यूब वीडियो में बताया कि बुमराह को परफ्यूम का ऐसा क्रेज है, जो आम लोगों से बिल्कुल अलग है. उनके पास परफ्यूम का बेहद शानदार और महंगा कलेक्शन है, जिस पर उन्होंने काफी निवेश किया है.
परफ्यूम खरीदने से पहले करते हैं पूरी रिसर्च
अक्षर पटेल के मुताबिक, जहां ज्यादातर क्रिकेटर किसी परफ्यूम को बस सूंघकर खरीद लेते हैं, वहीं बुमराह ऐसा बिल्कुल नहीं करते. वे हर बोतल खरीदने से पहले उसकी पूरी जानकारी जुटाते हैं. बुमराह यह तक देखते हैं कि परफ्यूम में तेल की मात्रा कितनी है, उसकी क्वालिटी क्या है और एक बोतल में कितने प्रतिशत असली खुशबू मौजूद है. यही वजह है कि उनका कलेक्शन बेहद खास माना जाता है.
गुजरात कनेक्शन और खास बॉन्डिंग
अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह दोनों गुजरात से आते हैं. ऐसे में टीम इंडिया के भीतर दोनों के बीच एक अलग तरह की बॉन्डिंग देखने को मिलती है. इसी नजदीकी के चलते अक्षर ने बुमराह की ऑफ द फील्ड लाइफ से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी साझा किए.
परफ्यूम का दिलचस्प किस्सा
अक्षर पटेल ने एक और रोचक किस्सा साझा किया, जिसमें बुमराह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट के दौरान, मोहम्मद सिराज को परफ्यूम गिफ्ट करने का वादा किया था. अक्षर के अनुसार, वेस्टइंडीज के उपकप्तान जोमेल वारिकन को बुमराह का परफ्यूम काफी पसंद आया और उन्होंने उत्सुकता में पूछ लिया कि यह कौन सा परफ्यूम है.
इसके बाद सिराज ने तुरंत बुमराह से उस परफ्यूम को देने की मांग कर दी. अक्षर भी इस मजाक में शामिल हो गए और उन्होंने भी कहा कि उन्हें भी वह खुशबू पसंद है. इस पर बुमराह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सिराज की जगह अब वे अक्षर को परफ्यूम गिफ्ट करेंगे.
