KKR का एक और गेंदबाज हुआ IPL 2026 से बाहर
आईपीएल 2026 से खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला जारी है. हर्षित राणा के बाद अब केकेआर को आकाश दीप के बाहर होने से बड़ा झटका लगा है. आकाश दीप अनफिट होने की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं. वह मौजूदा समय में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं. आकाश दीप को केकेआर ने मिनी ऑक्शन में 1 करोड़ में खरीदा था.
दिल्ली: आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं. बीते दिन, 20 मार्च को फ्रेंचाइजी द्वारा बताया गया था कि हर्षित राणा अनफिट होने के चलते आईपीएल के 19वें सीजन से बाहर हो गए हैं. अब एक और तेज गेंदबाज ने सीजन के आगाज से पहले केकेआर का साथ छोड़ दिया है. हम जिस गेंदबाज की बात कर रहे हैं, वो आकाश दीप (Akash Deep) हैं.
IPL 2026 से बाहर हुए आकाश दीप
क्रिकबज ने आकाश दीप के आईपीएल 2026 से बाहर होने की पुष्टि कर दी है. केकेआर के एक सीनियर अधिकारी ने क्रिकबज को बताया है कि दुर्भाग्य से, आकाश दीप पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं.
फ्रेंचाइजी ने दाएं हाथ के गेंदबाज को पिछले वर्ष आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में 1 करोड़ रुपये में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया था.
29 वर्षीय आकाश दीप मौजूदा समय में बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने केकेआर के ट्रेनिंग कैंप को ज्वाइन नहीं किया था. हालांकि, उनकी चोट किस तरह की है इसकी पुष्टि नहीं हुई है. माना जा रहा है कि CoE मैनेजर्स की ओर से फ्रेंचाइज़ी को आकाश दीप की फिटनेस को लेकर जानकारी दी गई है.
आकाश दीप का चोटों से रहा है पुराना नाता
आकाश दीप अक्सर चोटों का शिकार होते रहे हैं. इसके चलते वह आईपीएल और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई मुकाबले मिस कर चुके हैं. 2022 में अपने आईपीएल डेब्यू के बाद से चार सीजनों में, आकाश दीप ने केवल 14 मैच खेले हैं और 10 विकेट झटके हैं.
आईपीएल के पिछले सीजन में वह LSG की टीम का हिस्सा थे. फ्रेंचाइजी ने उन्हें 8 करोड़ की मोटी रकम में खरीदा था. सीजन के दौरान आकाश दीप को सिर्फ 6 मैच खेलने को मिले थे, जिसमें 3 विकेट ही हासिल किए थे. यही वजह थी कि फ्रेंचाइजी ने एक ही सीजन बाद, आकाश दीप को बाहर का रास्ता दिखा दिया था.
आकाश दीप ने IPL में कितने विकेट लिए हैं?
आईपीएल में आकाश दीप का रिकॉर्ड काफी शर्मनाक रहा है. उन्होंने 4 सीजन में 14 मुकाबले खेले हैं और सिर्फ 10 विकेट ही झटक पाए हैं. इस दौरान उन्होंने 11.82 के इकॉनमी रेट से रन लुटाए हैं.
