विटोरी ने बताया अबरार को चुनने की वजह
द हंड्रेड 2026 नीलामी में सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल कर लिया. इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने बताया कि उनकी पहली पसंद इंग्लैंड के स्टार स्पिनर आदिल राशिद थे. लेकिन नीलामी में उन्हें नहीं खरीद पाए. इसके बाद टीम ने शॉर्टलिस्ट किए गए स्पिनरों में से अबरार अहमद को चुना.
दिल्ली: पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को ‘द हंड्रेड 2026’ की नीलामी में चुनने के बाद सनराइजर्स लीड्स चर्चा के केंद्र में आ गई है. भारतीय स्वामित्व वाली इस फ्रेंचाइजी के फैसले पर सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में काफी बहस छिड़ गई है. हालांकि, टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने इस चयन के पीछे की पूरी रणनीति साफ करते हुए कहा कि यह फैसला पूरी तरह क्रिकेटिंग जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया गया है.
नीलामी के दौरान सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया, जिसके बाद भारत में कई लोगों ने इस पर सवाल उठाए. इससे पहले ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि भारतीय मालिकाना हक वाली टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाएंगी, लेकिन इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने स्पष्ट कर दिया कि ‘द हंड्रेड’ लीग में खिलाड़ियों के चयन के दौरान किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा.
दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी को भी मिला मौका
अबरार अहमद के अलावा पाकिस्तान के एक और स्पिनर उस्मान तारिक को भी इस लीग में अनुबंध मिला है. बर्मिंघम फीनिक्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है. इस तरह ‘द हंड्रेड 2026’ में दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों की एंट्री हो चुकी है, जिसने इस मसले को और चर्चा में ला दिया है.
आदिल राशिद नहीं मिले तो अबरार बने विकल्प
सनराइजर्स लीड्स के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने नीलामी के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि टीम की पहली पसंद इंग्लैंड के स्टार लेग स्पिनर आदिल राशिद थे, लेकिन जब नीलामी के दौरान राशिद को टीम नहीं खरीद सकी, तब मैनेजमेंट ने विदेशी स्पिनरों के विकल्पों पर ध्यान देना शुरू किया.
विटोरी के मुताबिक, फ्रेंचाइजी ने चार से पांच स्पिन गेंदबाजों को शॉर्टलिस्ट किया था, जिनमें अबरार अहमद भी शामिल थे. अंततः टीम ने उन्हें अपने साथ जोड़ने का फैसला किया और इस चयन से टीम प्रबंधन संतुष्ट है.
पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर नहीं हुई कोई चर्चा
विटोरी ने यह भी स्पष्ट किया कि नीलामी से पहले टीम प्रबंधन के भीतर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर किसी तरह की अलग चर्चा नहीं हुई थी. उनका कहना था कि टीम का मुख्य उद्देश्य सिर्फ सबसे संतुलित और मजबूत संयोजन तैयार करना था.
उन्होंने आगे बताया कि आदिल राशिद के अलावा कुछ अन्य स्पिनरों पर भी टीम की नजर थी. इनमें बांग्लादेश के रिशाद हुसैन और पाकिस्तान के उस्मान तारिक का नाम भी शामिल था. हालांकि, अंत में टीम ने अबरार अहमद को अपने स्पिन आक्रमण का हिस्सा बनाने का निर्णय लिया.
विटोरी ने कहा कि अबरार जैसे प्रतिभाशाली स्पिनर के टीम से जुड़ने पर पूरी फ्रेंचाइजी उत्साहित है और उन्हें उम्मीद है कि वह आगामी सीजन में टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे.
