लगातार तीन आईपीएल सीजन में 600+ रन बनने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट
आईपीएल के 18 साल के इतिहास में सिर्फ तीन ऐसे रहे हैं, जिन्होंने लगातार तीन सीजन में 600+ रन बनाकर दिखाए हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर क्रिस गेल हैं. इसके बाद केएल राहुल और विराट कोहली क्रमश: दूसरे और तीसरे पायदान पर मौजूद हैं.
IPL की पिच पर रन बनाना तो कई बल्लेबाजों के लिए बाएं हाथ का खेल है, लेकिन ‘कंसिस्टेंसी’ के साथ ये काम करना हर किसी के बस की बात नहीं है. आईपीएल के इतिहास में अब तक सैकड़ों बल्लेबाजों ने अपना दमखम दिखाया है. इनमें से कई ने एक सीजन में रनों का पहाड़ भी खड़ा किया, लेकिन जब बात लगातार तीन सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने की आती है, तो बड़े-बड़े दिग्गजों के पसीने छूट जाते हैं.
आपको शायद जानकर हैरानी होगी कि IPL के 18 साल के इतिहास में, अब तक सिर्फ तीन बल्लेबाज ही ऐसे रहे हैं जिन्होंने लगातार तीन सीजन में 600 प्लस रन बनाने का जबरदस्त कारनामा किया है. इस आर्टिकल में हम उन तीनों बल्लेबाजों के बारे में जानेंगे.
3 बल्लेबाज, जिन्होंने लगातार IPL के 3 सीजन में 600+ रन बनाए हैं
1. क्रिस गेल
इस लिस्ट में सबसे ऊपर वेस्टइंडीज के पूर्व आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम है, जिन्होंने 2011, 2012 और 2013 में लगातार तीन सीजन में 600 प्लस रन बनाए. गेल ने 2011 में RCB की तरफ से खेलते हुए 12 मैचों में 67.55 के औसत से 608 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे. वहीं, IPL 2012 और 2013 में गेल का रौद्र रूप देखने को मिला था. उन्होंने दोनों सीजन में क्रमश: 733,708 रन बनाए थे.
2. केएल राहुल
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर मौजूद हैं. उन्होंने 2020 से 2022 के बीच तीन IPL सीजन में लगातार 600 से ज्यादा रन बनाने की अद्भुत उपलब्धि हासिल की थी. आईपीएल 2020 में राहुल के बल्ले से 14 मैचों में 670 रन आए थे. इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक जमाए थे. इसके बाद, उन्होंने 2021 में 626 और IPL 2022 में 15 मुकाबलों में 616 रन कुटे थे.
3. विराट कोहली
किंग कोहली आईपीएल में ये कारनामा करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हैं. कोहली आईपीएल के 16वें सीजन में गजब की फॉर्म में थे. उन्होंने 14 मुकाबलों में 53 से अधिक के औसत से 639 रन बनाने में सफलता हासिल की थी, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल रहे. इसके बाद दाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज ने IPL 2024 में 61 से ऊपर की औसत से 741 रन बनाकर तबाही मचा दी थी.
वहीं, आईपीएल के पिछले सीजन में कोहली ने 657 रन बनाकर अपनी टीम RCB को पहली बार ट्रॉफी जीतने का स्वाद चखने में महत्वपूर्ण रोल अदा किया था.
