RR Team IPL 2026
RR Team IPL 2026

मुख्य बिंदु:

राजस्थान रॉयल्स टीम की मजबूती और कमजोरी, टीम का पूरा शेड्यूल और संभाविक स्क्वाड, टीम का पूरा विश्लेषण

दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का रोमांच 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है. इस महाकुंभ के रण में उतरने के लिए 10 टीमें पूरे जोश और उत्साह के साथ तैयार हैं. कुछ टीमें अपने कुछ नए चेहरों के साथ दम भरेंगी, तो कुछ टीमें अपने पुराने प्रमुख सितारों के साथ ही खेलने उतरेंगी.

इनमें से ही एक टीम राजस्थान रॉयल्स के रणबांकुरें भी इस महासंग्राम में लड़ने के लिए तैयार हैं. इस बार राजस्थान रॉयल्स के लिए पुराने सेनापति संजू सैमसन नहीं होंगे और टीम का नेतृत्व रियान पराग के हाथों में होगा, साथ ही टीम में कुछ नए खिलाड़ी भी शामिल हुए हैं.

RR करना चाहेगी पहले सत्र जैसा कारनामा

रियान पराग की फुलटाइम कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स की नजरें 2008 के पहले सत्र के बाद खिताबी इंतजार को खत्म करने पर होगा. इस टीम को पिछले 17 साल से निराश होना पड़ा है और वो उसी निराशा को दूर करना चाहेगी. टीम में रवींद्र जडेजा के रूप में एक बहुत ही अनुभवी खिलाड़ी के आने से टीम का आत्मविश्वास खास मुकाम पर है.

तो चलिए इस आर्टिकल में राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल 2026 को लेकर विश्लेषण करते हैं कि क्या है राजस्थान के रजवाड़ों की मजबूती से लेकर कमजोरी और साथ ही जानते हैं बेस्ट प्रेडिक्टेड प्लेइंग-11, टीम का फुल स्क्वाड और शेड्यूल सबकुछ।

राजस्थान रॉयल्स की मजबूती और कमजोरी

मजबूती: राजस्थान रॉयल्स का हाल पिछले सीजन क्या रहा था? ये हर किसी ने देखा. अब इस टीम में सबसे अच्छी चीज उनकी गेंदबाजी यूनिट नजर आ रही है, टीम के बॉलिंग अटैक में अनुभव के साथ ही वैराइटी दिख रही है. टीम के पास जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा, नांद्रे बर्गर, काइल जैमीसन, क्वेना मफाका और तुषार देशपांडे जैसे बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं, तो वहीं स्पिन बॉलिंग की बागडौर भारत के दो सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक रवींद्र जडेजा और रवि बिश्नोई संभालेंगे और उनका साथ देने के लिए विग्नेश पुथुर भी मौजूद हैं.    

कमजोरी: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए कई तरह की कमजोरी भी देखी जा सकती है. टीम की बल्लेबाजी में गहराई और मैच को लेकर चलने वाले खिलाड़ी की कमी नजर आ रही है. टीम की बैटिंग यूनिट का सारा भार यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के साथ कप्तान रियान पराग पर होगा, लेकिन उनके अलावा मिडिल ऑर्डर में रवींद्र जडेजा को छोड़कर किसी पर भरोसा नहीं किया जा सकता है. तो साथ ही लोअर मिडिल ऑर्डर में भी रन बनाने वाले खिलाड़ी की कमी है.

इन खिलाड़ियों पर होंगी खास नजरें (प्लेयर टू वॉच)

  1. वैभव सूर्यवंशी

आईपीएल 2026 का सीजन भारत के सबसे तेजी से उभरते युवा होनहार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के लिए खास होने वाला है. राजस्थान रॉयल्स के लिए पिछले सीजन डेब्यू कर चुके 15 साल के वैभव सूर्यवंशी एक खूंखार बल्लेबाजी शैली के लिए जाने जाते हैं. हाल के दिनों में वो भारत-ए से लेकर भारतीय अंडर-19 टीम के लिए कमाल की फॉर्म दर्शा चुके हैं. ऐसे में उन पर बहुत ज्यादा नजरें टिकी होंगी.

2. यशस्वी जायसवाल

संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी यूनिट के सबसे मजबूत स्तंभ यशस्वी जायसवाल माने जा रहे हैं. इस युवा बल्लेबाज ने अब तक आईपीएल में कमाल का प्रदर्शन किया है. अब वो एक बार फिर से अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए धमाका करने को तैयार हैं. जायसवाल पर टीम की सबसे ज्यादा नजरें होने वाली हैं.

3. रवींद्र जडेजा

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा की घर वापसी हुई है. जडेजा सालों से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे और इस बार उन्हें अपने पहले आईपीएल की टीम राजस्थान रॉयल्स ने ट्रेड किया है. अपनी सर्वप्रथम फ्रेंचाइजी के साथ खेलने को लेकर ये दिग्गज काफी उत्साहित है और गेंद व बल्ले के साथ अपनी क्षमता को दिखा सकता है.

राजस्थान रॉयल्स की संभावित एकादश

यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा

RR का फुल स्क्वाड

रियान पराग (कप्तान), रवींद्र जडेजा, सैम करन, डोनोवन फरेरा, संदीप शर्मा, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, शिमरॉन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, युद्धवीर सिंह चरक, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, यश राज पुंजा, विग्नेश पुथुर, रवि सिंह, अमन राव, ब्रिजेश शर्मा, काइल जेमिसन, कुलदीप सेन

पहले फेज में राजस्थान रॉयल्स का पूरा शेड्यूल

आईपीएल के इस सत्र में राजस्थान रॉयल्स का कारवां 30 मार्च राजस्थान दिवस के मौके पर शुरू होगा. इस दिन टीम का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के साथ गुवाहाटी में होगा.

तारीखमैचवेन्यू
30 मार्च 2026राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्सगुवाहाटी
4 अप्रैल 2026राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात जायंट्सअहमदाबाद
7 अप्रैल 2026राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंसगुवाहाटी
10 अप्रैल 2026राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरूगुवाहाटी