भारत बनाम न्यूजीलैंड, इतिहास के मुहाने पर फाइनल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेला जाएगा. टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर का लक्ष्य भारत को एक और आईसीसी खिताब दिलाना है. पिछले कुछ सालों में भारत का लिमिटेड ओवर आईसीसी टूर्नामेंट में शानदार रिकॉर्ड रहा है. ऐसे में पूरा देश उम्मीद कर रहा है कि टीम इंडिया इस बड़े मैच में बेहतर खेल दिखाकर ट्रॉफी अपने नाम करेगी.
दिल्ली: वह क्षण अब बहुत नजदीक है जिसकी चर्चा पिछले कई महीने से हो रही थी। क्या भारत अपने टी20 वर्ल्ड कप टाइटल का बचाव करेगा? पूरे देश की उमीदें टीम के साथ हैं। नोट कीजिए 9 मार्च 2025 को भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था और उसके ठीक एक साल बाद, 8 मार्च 2026 को, यही दोनों टीम 2026 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में खेल रही हैं। मजे की बात ये है कि न्यूजीलैंड ने जब चैंपियंस ट्रॉफी 2000 और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021 जीती तो वे भारत से ही जीते थे।
आम चर्चा में जानकार अगर अहमदाबाद में फ़ाइनल में भारत को फेवरेट मान रहे हैं तो इसमें कोई हैरानी नहीं है। सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर, दो बहुत अलग किस्म के व्यक्ति हैं पर इस समय दोनों का एक ही मिशन है। सूर्या अपने देश के सबसे बड़े स्टेडियम में, भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया चेप्टर जोड़ने के कगार पर खड़े हैं • • बस मिलकर कोशिश और बिना डर, विश्वास की ज़रूरत है।
मजेदार बात ये क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में वर्ल्ड फाइनल में एक-दूसरे के साथ मुकाबला करने वाले पहले दो देश बन जाएंगे भारत और न्यूजीलैंड। भले ही इस टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल ने डिजिटल व्यूअरशिप का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया पर फाइनल जरूर इस रिकॉर्ड को भी तोड़ेगा। व्यूअर्स की पीक डिजिटल कंसंट्रेशन के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं जो दुनिया भर में किसी भी लाइव इवेंट के लिए सबसे ज़्यादा है।
ये सब अपनी जगह। इतिहास तो ग्राउंड पर बनेगा। दोनों टीम को SWOT एनालिसिस के पैमाने पर देखें तो फेवरिट कोई भी नहीं और जो मैच में अच्छा खेलेगा, वर्ल्ड कप उसका। टीम इंडिया की बात करें तो पिच और मौसम जैसे मुद्दे तो चर्चा में हैं ही, टीम में बदलाव की भी बड़ी चर्चा है। यहां तक कि फाइनल में रिंकू सिंह को अभिषेक शर्मा की जगह खिलाने की भी बात उठ रही है। इससे हासिल क्या होगा?
टूर्नामेंट में भारत की बैटिंग बड़े सही समय पर फार्म में आई है और अभिषेक के रन न बनाने के बावजूद जब टॉप 5-6 अच्छा स्कोर कर रहे हैं तो छेड़छाड़ क्यों करें? उस पर मालूम है कि रिंकू इतना नीचे बैटिंग के लिए आते हैं कि उन्हें 5-10 गेंद से ज़्यादा खेलने को मिलने के आसार बड़े कम हैं। इसके लिए तो टीम को हिलाने की कोई जरूरत नहीं। हां अगर फील्डर रिंकू सिंह की जरूरत है उनके ज़बरदस्त फील्डर होने की वजह से तो भारत उन्हें सब्स्टीट्यूट के तौर पर ग्राउंड पर उतारने का कोई न कोई तरीका ढूंढ ही लेगा।
टीम इंडिया को ये याद रखना होगा कि भले ही इंग्लैंड सेमीफाइनल हार गया पर इंग्लैंड ने 247 रन बनाए। भारत की तरफ से 20वें ओवर को गंभीरता से न लेना बड़ा भारी पड़ने वाला था इसलिए बच ही गए। हर दिन ऐसा नहीं होगा। भारत को अगर 2023 से लिमिटेड ओवर आईसीसी टूर्नामेंट में अपने बेमिसाल रिकॉर्ड को ख़राब नहीं करना तो टॉप क्रिकेट खेलना होगा। इस दौर में खेले 32 मैच में से 30 में जीत मिली और सिर्फ 2 हारे।
ऐसे बड़े मैच के मौके पर ख़बरों में धार्मिक आस्था और अंधविश्ववास का चर्चा में आना कोई हैरानी की बात नहीं। पिछले कुछ दिनों में भारत के कई क्रिकेटर मंदिर गए प्रार्थना के लिए, मुंबई में ग्रहण के दौरान नेट प्रेक्टिस से बचने के लिए उसका शेड्यूल बदल दिया और अब अहमदाबाद से न सिर्फ ठहरने के होटल में बदलाव (जहां 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान ठहरे थे, उस होटल में नहीं रुके हैं) की चर्चा है तो स्टेडियम में टीम इंडिया के ‘मेजबान टीम’ वाला ड्रेसिंग रूम भी न लेने की चर्चा है। सच ये है कि आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरु होने से पहले ही शेड्यूल में लिख दिया था कि अगर अहमदाबाद में फ़ाइनल खेले तो, फ़ाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम किस होटल में रुकेगी और दूसरी टीम किस होटल में रुकेगी। बहरहाल इस तरह के बदलाव अगर ‘नया विश्वास’ देते हैं तो ये अपनी सोच है।
फाइनल जीतने के लिए परफेक्ट क्रिकेट खेलने से भी ज्यादा, बस दूसरी टीम से बेहतर खेलना होगा। 2023 वर्ल्ड कप में परफेक्ट टूर्नामेंट खेले पर फाइनल हार गए। इसलिए फोकस जीतने पर होना चाहिए, परफेक्ट खेलने पर नहीं। जब मैच पर कंट्रोल का मौका आए तो उसे छोड़ना नहीं है और ऐसे मौके कैच लपकने से मिलेंगे और कैच छोड़ने से फिसलेंगे। टीम को जीत मिले, पूरे देश को यही उम्मीद है।
फन फैक्ट:
* दोनों कप्तान का, कप्तान के तौर पर अपना पहला वर्ल्ड कप फ़ाइनल, दोनों ने बराबर टी20 इंटरनेशनल मैच में कप्तानी की है: सूर्यकुमार: 𝟓𝟏 मैच में 41 जीत, सैंटनर: 𝟓𝟏 मैच में 28 जीत।
* 2022 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल हारने के बाद,भारत ने 6 व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट खेले और सभी में फाइनल खेले: 2023 एशिया कप, 2023 वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी, 2025 एशिया कप और 2026 टी20 वर्ल्ड कप।
