Abhishek Sharma and Suryakumar Yadav
Abhishek Sharma and Suryakumar Yadav

भारत का टूट सकता है चैंपियन बनने का सपना

भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम करने से सिर्फ दो कदम दूर है. हालांकि, टीम का ट्रॉफी जीतने का सपना कुछ खिलाड़ियों के लचर प्रदर्शन की वजह से टूट सकता है.

दिल्ली: बीते रविवार को टीम इंडिया ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर भारतीय फैंस को खुशी मनाने का मौका दिया. इस जीत की मदद से भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल अपनी जगह पक्की कर ली है. अब भारत को सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराना होगा, ताकि वे फाइनल का टिकट हासिल कर सकें. यह मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है.

सेमीफाइनल मुकाबले में उतरने से पहले भारतीय टीम को अपनी 4 बड़ी खामियों का हल ढूंढना होगा. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मेजबानों का ट्रॉफी जीतने का सपना चकनाचूर हो सकता है. आइए जानें उन खामियों के बारे में.

1. वरुण चक्रवर्ती का बड़े मैचों में परफॉर्म न कर पाना

    टी20 फॉर्मेट में वरुण चक्रवर्ती अपनी कमाल की गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. यह मिस्ट्री स्पिनर सफेद गेंद के सेटअप का मुख्य हिस्सा बन गया था और उन्होंने भारत को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई थी. यही वजह थी कि टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले चक्रवर्ती को भारत का सबसे बड़ा हथियार माना जा रहा था. ग्रुप स्टेज में चक्रवर्ती ने अच्छा परफॉर्म भी किया, लेकिन सुपर-8 राउंड के शुरू होते ही उन्हें पता नहीं क्या होगा.

    साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की. चक्रवर्ती आत्मविश्वास की कमी से जूझ रहे हैं और लगातार शॉर्ट लेंथ गेंदें फेंक रहे हैं. उनके 4 ओवर टीम इंडिया के लिए काफी अहम होते हैं, ऐसे में अगर चक्रवती सेमीफाइनल में ऐसा ही परफॉर्म करते हैं, तो सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी का ट्रॉफी जीतने का सपना टूट सकता है.

    2. खराब फील्डिंग ने कटाई नाक

    मैच के बाद फील्डिंग के लिया मेडल बांटना या हडल में जोश भरी बातें करने से कुछ नहीं होता. मैदान पर हर मौके पर अपना 100% देना बड़ी बात है. टूर्नामेंट में टीम इंडिया का जिस तरह का फील्डिंग स्तर रहा है, उसे देखकर तमाम भारतीय फैंस हैरान हैं. भारतीय क्रिकेट टीम ने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 11 कैच टपकाए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के आखिरी मैच में अभिषेक शर्मा ने दो और तिलक वर्मा ने एक अहम कैच टपकाया, जो टीम की हार की वजह बन सकते थे. इसके अलावा टीम ने रन आउट का भी आसान मौका गंवाया था.

    3. सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म

    सूर्यकुमार यादव ने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में यूएसए के खिलाफ 84* रन की कमाल की पारी खेली थी, लेकिन उसके बाद से पिछली 5 पारियों में उनके बल्ले से 1 भी अर्धशतक नहीं निकल पाया. सूर्या को स्पिनर्स का सामना करने में दिक्कत हो रही है. इसके अलावा तेज गेंदबाज उन्हें धीमी गति की गेंदबाजों के जरिए परेशान कर रहे हैं. गेंदबाज भारतीय कप्तान की कमजोरी से अच्छे से वाकिफ हो गए हैं. सूर्या के बल्ले का खामोश रहना टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.

    4. अभिषेक शर्मा बने टीम की कमजोर कड़ी

    टी20 इंटरनेशनल में बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप पोजीशन पर काबिज अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप में एक दम फिसड्डी साबित हो रहे हैं. पहले तीन मैचों में वह अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे. हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ वह अर्धशतक जमाने में कामयाब रहे थे, लेकिन वेस्टइंडीज के विरुद्ध वह फिर से सस्ते में निपट गए थे. उनके जल्दी आउट होने से टीम पर दबाव बढ़ जा रहा है और आने वाले बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर भी इसका असर पड़ता दिखाई दे रहा है.