natasa and hardik
हार्दिक पांड्या की पूर्व पत्नीऔर सर्बिया की मॉडल नताशा स्टेनकोविक, सोशल मीडिया की चर्चित हस्तियों में से एक हैं.

हार्दिक और विवादों का लंबा रिश्ता

टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के बीच हार्दिक पांड्या पर राष्ट्रीय ध्वज अपमान का केस दर्ज होने से नया विवाद खड़ा हो गया. पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ है. हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब हार्दिक विवादों में आए हों. ध्रुव जुरेल के साथ मैदान पर व्यवहार, कॉफी विद करण में विवादित बयान, मुंबई एयरपोर्ट पर महंगी घड़ियों का मामला, मुंबई इंडियंस कप्तानी विवाद और नतासा स्टेनकोविक से तलाक पहले भी सुर्खियां बना चुके हैं.

दिल्ली: हार्दिक पांड्या के लिए टी20 वर्ल्ड कप में जीत का जश्न बहुत जल्दी एक बड़े विवाद में बदल गया। उन पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का केस दर्ज हो गया है पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में। इस केस में क्या होगा, ये तो समय बताएगा पर क्रिकेट को पसंद करने वाले ये जरूर मान रहे हैं कि हार्दिक पांड्या और विवाद तो मानो एक-दूसरे के नियमित ‘जोड़ीदार’ बन गए हैं। एक विवाद खत्म होता है या कुछ ठंडा पड़ता है तो नया किस्सा शुरु हो जाता है। मौजूदा विवाद में चूंकि राष्ट्रीय ध्वज का मामला है, इसलिए ये हार्दिक के लिए चिंता बना हुआ है। उस पर आम जनमानस उन्हें, उनकी छवि के कारण सपोर्ट नहीं करता। मौजूदा विवाद के अतिरिक्त, ऐसे टॉप 5 विवाद जिनमें उनका नाम जुड़ा:

ध्रुव जुरेल से जुड़ा मामला जिसमें हार्दिक पांड्या को ‘घमंडी’ का टाइटल मिला

जनवरी 2025 में तीसरे टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड के विरुद्ध भारत को चेज करते हुए 172 रन बनाने थे पर 145/9 पर ही रह गए और इसमें ‘फिनिशर’ हार्दिक पांड्या न सिर्फ लय से बाहर खेले, काफी गेंद बर्बाद कर दीं। उस पर 19वें ओवर में वे आउट हो गए जिससे मैच पर इंग्लैंड हावी हो गया। यहां तक कि 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर, जब दूसरे बल्लेबाज ध्रुव जुरेल एक रन लेना चाहते थे तो मना कर दिया। इससे हार्दिक को स्ट्राइक मिल गया पर पहली ही गेंद पर एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच हो गए। 

किस्सा ‘कॉफ़ी विद करण’ प्रोग्राम का

ये उनके नाम के साथ जुड़ा सबसे बड़ा और सनसनीखेज़ विवाद रहा है। जनवरी 2019 में, हार्दिक और केएल राहुल इस टॉक शो में गेस्ट थे और वहां सवालों के जवाब में हार्दिक ने महिलाओं के बारे में जो अश्लील और अभद्र कमेंट किए, उन पर खूब हंगामा हुआ। बात इतनी बढ़ी कि बीसीसीआई ने भी उन्हें सस्पेंड किया। सोशल मीडिया पर भी किसी ने उन्हें सपोर्ट नहीं किया। हार्दिक ने माफी मांगी। इस मामले ने हार्दिक की छवि बड़ी खराब की। उन पर देश की कई सोशल संस्थाओं ने भी एक्शन की मांग की। इस मामले के बाद ही हार्दिक की भविष्य में भारत का कप्तान बनने के दावे में स्थिति कमजोर हुई।   

कस्टम ने हार्दिक की महंगी घड़ियां जब्त कीं 

हार्दिक का महंगी और शानदार घड़ियों का शौक किसी से छिपा नहीं। नवंबर 2021 में, हार्दिक को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम वालों ने रोक लिया और उनके पास से लगभग 5 करोड़ रुपये कीमत की दो महंगी घड़ियां निकलीं। वे टीम इंडिया के साथ दुबई से लौट रहे थे (टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद)। घड़ियां कस्टम ने जब्त कर लीं और हार्दिक उनकी कीमत 1.5 करोड़ रुपये बताते रहे। 

किस्सा मुंबई इंडियंस में वापस लौटने और कप्तानी का

2024 के आईपीएल ऑक्शन के बाद, मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को ट्रेड विंडो के जरिए गुजरात टाइटन्स से ले लिया। इसके लिए हार्दिक ने कप्तानी मिलने की शर्त लगा दी जिसे मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट ने मान लिया और 15 करोड़ रुपये में ये ट्रेड हो गया। नतीजा 5 आईपीएल टाइटल जीतने वाले रोहित शर्मा से कप्तानी छिन गई और आम क्रिकेट फैंस हर मैच में हार्दिक की यूं कप्तानी छीनने के लिए उनकी हूटिंग करते रहे। माहौल इतना खराब हो गया था कि इस विवाद का असर टीम के प्रदर्शन पर भी आने लगा। विवाद ने हार्दिक और रोहित दोनों की फार्म पर असर डाला। नतीजा ये कि एक नया विवाद ये शुरु हो गया कि नाराज रोहित जानबूझकर खराब बैटिंग कर रहे हैं।  

नतासा स्टेनकोविक से तलाक

2024 आईपीएल खत्म होने के बाद, उनकी प्राइवेट ज़िंदगी चर्चा में आ गई और नताशा से तलाक़ की खबर सुर्खियों में थी। नताशा ने सोशल मीडिया अकाउंट में अपना नाम बदल लिया, मैचों के लिए स्टेडियम आना बंद कर दिया और संपत्ति में से उनके 70 प्रतिशत हिस्सा मांगने की ख़बरें अखबारों में छप गईं। आखिर में वे अलग हो ही गईं। दूसरी और हार्दिक ने बहुत जल्दी नई गर्लफ्रेंड ढूंढ ली। इन दोनों के साथ अपने संबंध के मामले में हार्दिक ने कई बार शालीनता का दायरा भी पार किया और खुद ही छुट्टियों में मौज मस्ती की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहे।