Abhishek Sharma
Abhishek Sharma

अभिषेक शर्मा ने बनाए बड़े रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. उन्होंने 21 गेंदों पर ताबड़तोड़ 52 रन बनाए. इस पारी के दौरान अभिषेक शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड मिट्टी में मिला दिए.

दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहा है, जिसमें भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच टक्कर हो रही है. मुकाबले में टीम इंडिया टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने टीम को जबरदस्त शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 98 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी निभाई.

इस मुकाबले से पहले टूर्नामेंट में अपनी खराब फॉर्म से जूझ रहे, अभिषेक एकदम अलग रंग में नजर आए. उन्होंने मात्र 21 गेंदों पर 52 रनों की आतिशी पारी खेली. अभिषेक की इस पारी में 6 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए. अभिषेक ने अपनी इस तूफानी पारी के दौरान 3 प्रचंड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए.

1. टी20 वर्ल्ड कप नॉक-आउट मैच में सबसे तेज फिफ्टी

    अभिषेक ने इस मुकाबले में मैदान पर उतरते ही कीवियों पर हमला बोल दिया. उन्होंने महज 18 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पारी कर ली. इसी के साथ अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप में नॉक-आउट मुकाबले में सबसे तेज फिफ्टी बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने फिन एलन और जैकब बेथेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इन दोनों ने 19-19 गेंदों में इसी टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी बनाई थी.

    2. टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे तेज फिफ्टी

      अभिषेक शर्मा अब टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले ये रिकॉर्ड मिचेल मार्श के नाम दर्ज था. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2021 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध फाइनल में अर्धशतक बनाने के लिए 31 गेंदों का सामना किया था. अभिषेक ने ये काम सिर्फ 18 गेंदों पर करके दिखाया दिया.

      3. टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज

        बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक अब टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले संयुक्त रूप (केएल राहुल के साथ) से दूसरे भारतीय बन गए हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर अभिषेक के मेंटर युवराज सिंह हैं. उन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ इस टूर्नामेंट में 12 गेंदों पर पचासा ठोका था.