Abhishek Sharma
Abhishek Sharma

सेमीफाइनल में अभिषेक को क्यों मिलना चाहिए मौका?

टी20 वर्ल्ड कप में अब तक अभिषेक शर्मा अपने रंग में नजर नहीं आए हैं. उनकी खराब फॉर्म जारी है, जिसके चलते वह आलोचकों के निशाने पर बने हुए हैं. हालांकि, सेमीफाइनल में अभिषेक अकेले इंग्लैंड की टीम पर भारी पड़ सकते हैं. इंग्लिश टीम के खिलाफ खेलना, अभिषेक को काफी ज्यादा पसंद है.

दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल आज शाम 7 बजे से खेला जाना है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में भारत और इंग्लैंड की टीम आमने-सामने होगी. इस मुकाबले में तमाम भारतीय फैंस की नजरें अभिषेक शर्मा पर टिकी होंगी, जो अपनी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ उनकी 55 रनों की पारी को छोड़ दें, तो वह टूर्नामेंट के बाकी 5 पारियों में सिर्फ 25 रन बना सके हैं. अपने इस लचर प्रदर्शन के चलते बाएं हाथ का यह बल्लेबाज आलोचकों के निशाने पर है.

अब अभिषेक की कोशिश सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी पारी खेलकर आलोचकों को कड़ा जवाब देने की होगी.

इस आर्टिकल में हम उन 3 कारणों का जिक्र करेंगे कि क्यों अभिषेक को IND vs ENG मैच में प्लेइंग 11 से ड्रॉप नहीं करना चाहिए.

  1. इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड

इंग्लिश टीम के खिलाफ T20I में अभिषेक के आंकड़े देखने लायक हैं. 25 वर्षीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड के विरुद्ध 5 मैचों में 219 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 279 रन बनाए हैं. इसमें 54 गेंदों पर खेली 135 रनों की जबरदस्त पारी भी शामिल है, जो 2024 में वानखेड़े स्टेडियम में देखने को मिली थी. अभिषेक अपनी खतरनाक बल्लेबाजी के जरिए इंग्लैंड की मजबूत गेंदबाजी लाइन-अप पर भारी पड़ सकते हैं.

  1. अभिषेक शर्मा ने पिछले दो सालों में खुद को किया साबित

भले ही अभिषेक पिछले कुछ मैचों से रन नहीं बना पा रहे, लेकिन पिछले दो सालों में उन्होंने इस फॉर्मेट में जमकर तबाही मचाई है. यही वजह है कि टी20 अन्तर्राष्ट्रीय रैंकिंग में अभिषेक नंबर 1 बल्लेबाज हैं. उन्होंने 37 पारियों (पिछले दो साल) में 194.45 के स्ट्राइक रेट से 1297 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं. इस अहम मुकाबले में अगर टीम अभिषेक को ड्रॉप करती है, तो इससे उनका आत्मविश्वास कम हो सकता है जो भविष्य में टीम के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.

  1. गेंदबाजी से कर सकते हैं प्रभावित

अभिषेक शर्मा एक खतरनाक बल्लेबाज होने के साथ अच्छे स्पिनर भी हैं. उन्होंने 14 पारियों में 6 विकेट अपने नाम किए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने महज 3 रन देकर 2 विकेट हासिल किए हुए हैं. अभिषेक के प्लेइंग 11 में होने से टीम को गेंदबाजी में एक एक्स्ट्रा विकल्प मिलेगा. अभिषेक एक बार फिर से इंग्लिश बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जाल में फंसा सकते हैं.