Overview:
भारतीय टीम के 2026 के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में शामिल कुछ खिलाड़ी 2028 के टी20 वर्ल्ड कप में शायद ही खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं.
दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यादगार उपलब्धि हासिल की है. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के 10वें एडिशन में टीम इंडिया ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को खिताबी जंग में मात देकर लगातार दूसरी बार और कुल मिलाकर तीसरी बार चैंपियन का तमगा हासिल किया है.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मैन इन ब्ल्यू ने धमाकेदार खेल दिखाते हुए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना वर्चस्व कायम रखा है. टीम इंडिया की यंग ब्रिगेड ने कमाल का खेल दिखाते हुए पूरे टूर्नामेंट के दौरान दबदबा स्थापित किया और माना जा सकता है कि यहीं रूतबा अगले वर्ल्ड कप तक भी देखने को मिल सकता है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि 2026 में बनी चैंपियन टीम के कितने ऐसे खिलाड़ी होंगे, जो 2028 में होने वाले अगले वर्ल्ड कप में खेलते नजर आने वाले हैं?
तो चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं टीम इंडिया की चैंपियन टीम के वो 3 खिलाड़ी, जो 2028 में होने वाले अगले टी20 वर्ल्ड कप में शायद ही खेलते हुए नजर आने वाले हैं.
सूर्यकुमार यादव
भारतीय क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव का कप्तान उन कप्तानों में शुमार हो गया है, जिन्होंने आईसीसी ट्रॉफी जीती है. महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद टीम इंडिया को तीसरी बार सूर्यकुमार यादव की अगुवायी में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब हाथ लगा है. पिछले कुछ समय से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे कामयाब कप्तानों में से एक रहे सूर्या ने भारत को चैंपियन बना दिया, लेकिन उनका 2028 में होने वाले अगले वर्ल्ड कप में खेलने की संभावना थोड़ी कम मानी जा सकती है. 2028 के टी20 इवेंट तक ये दाएं हाथ का बल्लेबाज करीब 38 साल का हो जाएगा और साथ ही वो तब तक अपनी फॉर्म और फिटनेस बनाए रख पाएंगे या नहीं इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है.
वरुण चक्रवर्ती
टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिन गेंदबाज वरूण चक्रवर्ती इस वक्त टी20 इंटरनेशनल रेंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज हैं. 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से 14 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट झटके. चक्रवर्ती पिछले कुछ समय से इस फॉर्मेट में बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली बने हुए हैं, 34 साल के हो चुके वरूण के लिए 2028 में होने वाला वर्ल्ड कप तक खेल पाना मुश्किल ही होने वाला है. क्योंकि वरुण की सबसे बड़ी दिक्कत उनकी फिटनेस हैं और ऐसे में लगता नहीं है कि इस गेंदबाज को तब तक वर्ल्ड कप में आप और हम देख सकेंगे.
मोहम्मद सिराज
भारतीय टीम के स्टार तेज मोहम्मद सिराज इस वक्त टीम के अहम खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग्य से मौका मिल गया, क्योंकि हर्षित राणा आखिरी पलों में चोटिल हो गए और सिराज की स्क्वॉड में एन्ट्री भी हुई और पहला मैच खेलने का मौका भी मिला, लेकिन सेलेक्टर्स की सोच साफ है कि वो मोहम्मद सिराज को टी20 की योजना में नहीं देखते हैं. उन्हें टेस्ट में ही एक प्रमुख गेंदबाज के रूप में बरकरार रखना चाहते हैं. ऐसे में लगता नहीं है कि इस तेज गेंदबाज को 2028 के वर्ल्ड कप में मौका मिलने वाला है.
