महेंद्र सिंह धोनी भले ही अब भारतीय टीम के कप्तान ना हों,लेकिन टीम में उनका रूतबा बरकरार है। अपनी कप्तानी में धोनी ने कई युवा खिलाड़ियों का करियर संवारा है। आज भी धोनी युवा खिलाड़ियों का मार्ग दर्शन करते रहते हैं। शायद यही वजह है कि कप्तान से लेकर टीम का हर एक खिलाड़ी उनके बगैर टीम की कल्पना ही नहीं करता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में धोनी को बेहतरीन बल्लेबाजी करने के लिए मैन ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया था। हालांकि धोनी न्यूजीलैंड में चोटिल होने के चलते दो वनडे मुकाबले नहीं खेल सके, लेकिन इसके बावजूद वो एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
धोनी के सुर्खियों में रहने की मुख्य वजह उनका एक वीडियो है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ये वीडियो न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए सीरीज के आखिरी मुकाबले का है, जहां धोनी मैदान पर भागते हुए नजर आ रहे हैं।
दरअसल मैच के बाद टीम इंडिया के स्टार स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल, धोनी का इंटरव्यू लेने के लिए जैसे ही उनकी तरह बढ़े धोनी उनको देखते ही तेजी से भाग खड़े हुए। धोनी कैमरे के सामने नहीं आना चाहते थे,जिसके चलते उन्होंने दौड़ लगा दी। हालांकि चहल ने भी दौड़ लगा कर धोनी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली।
— Dhoni Fan (@WastingBalls) February 3, 2019
युजवेंद्र चहल अपने शो चहल टीवी के माध्यम से रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी और केदार जाधव समेत कई खिलाड़ियों का इंटरव्यू ले चुके हैं। इस बार वो अपने शो में दर्शकों को महेंद्र सिंह धोनी से रूबरू कराना चाहते थे,जो कि धोनी के भाग जाने की वजह से संभव नहीं हो सका।