महेंद्र सिंह धोनी को आज क्रिकेट की दुनिया में सबसे शातिर खिलाड़ी माना जाता है। रणनीति बनाने में धोनी का कोई मुकाबला नहीं है। अक्सर देखा जाता है कि धोनी विकेट के पीछे से गेंदबाजों को टिप्स देते रहते हैं कि उन्हें गेंद कहां डालनी है। कई बार धोनी के दिए टिप्स गेंदबाजों के काम भी आते हैं, लेकिन कई बार धोनी द्वारा दिए गए टिप्स गेंदबाजों के काम नहीं आते हैं। इस बात का खुलासा टीम इंडिया के स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने किया है।
कुलदीप से जब पूछा गया कि करियर में किसी समय पर एमएस धोनी की टिप्स गलत साबित हुई तो चाइनामैन ने जवाब दिया, ‘ऐसा कई बार हुआ जब धोनी की टिप्स गलत हुई, लेकिन आप उन्हें ये बोल नहीं सकते”।
कुलदीप ने हालांकि कहा कि धोनी ऐसे हैं जो अपने विचार ओवर के बीच में देते हैं। जब भी धोनी को महसूस होता है कि इसकी जरूरत है तो वो बोल देते हैं। उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के स्पिनर ने कहा, ”धोनी ज्यादा बात नहीं करते हैं। वह ओवर के बीच में बात करते हैं अगर उन्हें लगे कि किसी चीज का ध्यान दिलाना जरूरी है।”
धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 आईसीसी टी20 विश्व कप और 2011 वन-डे विश्व कप जीता है। माही ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया और 2017 में वन-डे व टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तानी छोड़ी। 37 वर्षीय धोनी आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में इस साल चेन्नई आईपीएल फाइनल तक पहुंची, जहां रविवार को मुंबई इंडियंस के हाथों 1 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें