आईपीएल 2019 के फाइनल में चेन्नई को 1 रन से मात देकर मुंबई इंडियंस ने खिताब अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड चौथी बार ये खिताब अपने नाम किया। मुंबई की जीत के बाद फैंस ने मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन की तो तारीफ की ही, साथ में अब लोग रोहित शर्मा को धोनी के बाद सबसे बेहतरीन कप्तान बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर तो लोग विराट कोहली की जगह रोहित शर्मा को टीम इंडिया का कप्तान बनाने की मांग कर रहे हैं।
सिर्फ फैंस ही नहीं सचिन तेंदुलकर ने भी रोहित शर्मा की कप्तानी की तारीफ की है। सचिन के मुताबिक हालात की बेहतर समझ रोहित शर्मा को एक अच्छा कप्तान बनाती है और आईपीएल में उन्होंने इस चीज को साबित भी कर दिया है। सचिन के अलावा टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी रोहित की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा है कि वो विराट से बेहतर कप्तान साबित हो सकते हैं।
आपको बता दें कि रोहित आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी के अलावा टीम इंडिया की कप्तानी भी कर चुके हैं। कप्तान में रोहित का रिकॉर्ड बेहद ही शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने निदहार ट्रॉफी और एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट जीते हैं।