जब भी क्रिकेट से जुड़े नीलामी की बात होती है तो आम तौर पर यादगार रिकॉर्ड से जुड़े बैट/गेंद/स्टंप के बिकने या किसी बड़े क्रिकेटर के अपने सामान के बिकने की बात चर्चा में आती है। शेन वॉर्न की कैप या धोनी/ ब्रैडमैन का बैट महंगी कीमत पर बिकने के रिकॉर्ड हैं। इसके उलट कभी कभी ऐसा सामान भी नीलाम होता है, जो अपने आप में जुड़े इतिहास की वजह से बेहद कीमती बन जाता है। 

अब देख लीजिए ग्लेन मैक्सवेल ने वेलिंगटन के खाली वेस्टपैक स्टेडियम में एक ऐसा 6 लगाया कि शॉट से दनदनाती गेंद ने प्लास्टिक की एक सीट को तोड़कर उसमें छेद कर दिया। होना तो यह चाहिए था कि स्टेडियम वाले मैक्सवेल से कहते कि सीट तोड़ने का हर्ज़ाना भरो- इसके उलट उन्होंने मैक्सवेल को शुक्रिया कहा। छेद वाली सीट को निकाल लिया, उस पर मैक्सवेल के ऑटोग्राफ लिए और इस तरह ये बन गई नीलामी के लिए एक महंगी आइटम। इस सीट को अब वेलिंगटन की महिलाओं की भलाई के लिए काम कर रही एक चैरिटी की मदद के लिए नीलाम किया जाएगा। मैक्सवेल का ये किस्सा न्यूजीलैंड के विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया के तीसरे टी20 का है. उन्होंने सिर्फ 31 गेंद पर 70 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और चार छक्के थे। सीट को @TradeMe पर नीलामी पर डाला जाएगा।  

जब आईपीएल में खिलाड़ियों का नीलामी शुरू हुआ था तो किसी को भी ये अंदाज़ा नहीं था कि नीलाम का प्रोग्राम खुद यादगार बन जाएगा। खिलाड़ियों के नीलामी को लोकप्रिय बनाने का श्रेय मशहूर ऑक्शनर रिचर्ड मैडली को भी जाता है। पहले सभी 11 आईपीएल सीजन में वे ही ऑक्शनर थे। वे बड़े होशियार निकले। BCCI में किसी ने सुध नहीं ली और न ही इस बात के महत्व को समझा कि जिन पेपर पर रिचर्ड मैडली नीलामी को रिकॉर्ड कर रहे हैं वे यादगार हैं और उन्हें संभालना चाहिए। ये सभी पेपर रिचर्ड मैडली अपने साथ ले गए। अब रिचर्ड मैडली आईपीएल 2008 के नीलाम को रिकॉर्ड करने वाली शीट को चैरिटी के लिए नीलाम कर रहे हैं। ये शीट इन दिनों ऑन लाइन बिक्री पर है और बोली सिर्फ 100 रुपए से शुरू हुई।
नीलामी का पैसा भारतीय चैरिटी NYDHEE को मिलेगा।  

मशहूर क्रिकेटरों के ऑटोग्राफ वाले बैट बिकने के तो कई किस्से हैं पर 2019 में इंग्लैंड में एक ऐसा क्रिकेट बैट नीलाम किया गया जिस पर शाहरुख खान, रणवीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा,  बिपाशा बसु,आशा भोसले,धर्मेंद्र और अनिल कपूर जैसे 32 बॉलीवुड हस्तियों के ऑटोग्राफ थे। ये आयोजन बीबीसी एशियन नेटवर्क ने किया और सारा पैसा चिल्ड्रन इन नीड चैरिटी को मिला।   

बैट की बात आने पर दो और बैट का जिक्र जरूरी है। ये किसी बड़े रिकॉर्ड की याद नहीं दिलाते- ये तो क्रिकेट के सबसे विवादस्पद बैट में से हैं। मालवर्न में जॉन गुडविन सैलूमर ने नीलामी में डाला वह बैट, जिसे “क्रिकेट के इतिहास में शायद सबसे कुख्यात बैट” करार दिया जाता है। ये है 1979-80 की एशेज में डेनिस लिली द्वारा इस्तेमाल किया गया एल्यूमीनियम बैट। ये बैट बेसबॉल से प्रेरित था। दिसंबर 1979 में पर्थ में, इससे लिली बैटिंग के लिए आए और सिर्फ चार गेंद बाद ही कप्तान चैपल ने 12 वें खिलाड़ी रॉडने हॉग के मार्फ़त लिली को पारंपरिक बैट भिजवा दिया ताकि इससे खेलें। लिली ने इंकार कर दिया।कप्तान चैपल को खुद ग्राउंड में आना पड़ा। ये बैट 5200 पौंड में बेचा गया।

वह बैट कहां है, जिससे सुनील गावस्कर ने 1979 में लॉर्ड्स के पहले टेस्ट में बैटिंग की थी। गेंद को नुकसान पहुंचाने के आरोप के साथ TCCB और MCC ने इस बैट पर प्रतिबंध लगा दिया था – वजह? असल में इसे हल्का बनाने के लिए इसमें छेद किए गए थे। ये बैट 2000 पौंड में बिका।  

Leave a comment