न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी वनडे से पहले टीम इंडिया के बैटिंग कोच संजय बांगड़ ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है। बांगड़ ने कहा है कि आखिरी मुकाबले के लिए महेंद्र सिंह धोनी पूरी तरह से फिट हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां वनडे रविवार को वेलिंगटन में खेला जाएगा। बांगड़ ने कहा, ‘‘धोनी पूरी तरह से फिट हैं और पांचवां वनडे खेलेंगे।’’ धोनी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में मैन ऑफ द सीरीज चुना गया था।
धोनी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल थे। हालांकि उन्हें केवल दूसरे मैच में बल्लेबाजी का मौका मिला, जहां उन्होंने 33 गेंदो पर 48 रनों की नाबाद पारी खेली थी। धोनी हैमस्ट्रिंग की वजह से तीसरे और चौथे वनडे मैच में नहीं खेल पाए थे।
चौथे वनडे में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 8 विकेट से बुरी हार मिली थी। इस मुकाबले में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 92 रन पर सिमट गई थी। एक तरह से टीम को इस मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी की कमी काफी खली थी।
आराम दिए जाने के चलते टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली इस वक्त टीम में नही हैं। ऐसे में अगर धोनी अंतिम मुकाबले में मैदान पर उतरते हैं तो टीम इंडिया को बड़ा फायदा होगा।