भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने आईपीएल के मैच में नो बॉल को लेकर हुए विवाद में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बचाव किया है। दिल्ली कैपिटल्स में एक सलाहकार की भूमिका निभा रहे गांगुली का कहना है कि धोनी एक इंसान ही हैं और प्रतिस्पर्धा करने की उनकी क्षमता की मैं प्रशंसा करूंगा।
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मिली जीत के बाद गांगुली ने कहा, “सभी इंसान हैं। मुझे उनकी प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बहुत पसंद है, हमें उसकी तारीफ करनी होगी।” धोनी ने चेन्नई के कप्तान के रूप में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में अपने आईपीएल के करियर की 100वीं जीत दर्ज की।
मैच में चेन्नई की पारी के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर अंपायर उल्हास गांधे ने बेन स्टोक्स की फुल टॉस गेंद को बीमर मानकर नो बॉल दिया लेकिन तुंरत ही वह इससे मुकर गए।
इसके बाद, जडेजा अंपायर से बात करने लगे। तब तक धोनी चेन्नई के डगऑउट से उठकर मैदान में आ गए। वो काफी गुस्से में दिख रहे थे। उन्होंने दोनों मैदानी अंपायरों से बहस भी की, लेकिन दोनों अंपायर अपने फैसले पर कायम रहे और चेन्नई को नो बॉल नहीं मिली।
धोनी द्वारा मैदान पर अंपायर के साथ किए गए व्यवहार के बाद उन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था। हालांकि बाद में धोनी ने अपनी गलती को स्वीकार भी कर ली है।