इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन की नीलामी गुरुवार को चेन्नई में हुई। इस नीलामी के लिए 1114 खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर कराया था, जिसके बाद बीसीसीआई ने 292 क्रिकेटर्स को शॉर्टलिस्ट किया था। आईपीएल 2021 के मिनी ऑक्शन में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रूपए में अपनी टीम में शामिल किया। वहीं, मुंबई इंडियंस के क्रिकेट संचालन निर्देशक ज़हीर खान ने अर्जुन को MI का हिस्सा बनाने पर बड़ा बयान दिया है।

ज़हीर खान ने ऑक्शन के बाद कहा, ”मैंने उसके साथ नेट्स में काफी समय बिताया है और उसे खेल के कुछ गुर सिखाने की भी कोशिश की है। अर्जुन बहुत मेहनती बच्चा है, जिसे सीखना पसंद है। सचिन तेंदुलकर के बेटे होने का अतिरिक्त दबाव हमेशा उस पर रहेगा। यह ऐसी चीज है, जिसके साथ उसे जीना होगा, टीम के माहौल से उसे काफी मदद मिलेगी।”

उन्होंने आगे कहा, ”यह उन्हें एक अच्छा क्रिकेटर बनने में मदद करेगा। ऐसा कितनी बार होता है कि कोई युवा खिलाड़ी नीलामी में चुना जाता है और उस पर बात की जाती है। उसे खुद को और अपने चयन को सही साबित करना होगा।”

21 साल के अर्जुन को इससे पहले टीम के नेट सेशन में देखा जा चुका है। वह आईपीएल के 13वें संस्करण के दौरान भी टीम के साथ यूएई गए थे। अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में समाप्त हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की तरफ से खेला था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेलते हुए 2 विकेट चटकाए थे, जबकि 3 रन बनाए थे।

Leave a comment