हाल ही में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ अविजित 67 रन की मैच जिताऊ पारी खेली जो कि उनका 74वां 50 प्लस स्कोर था। पेश है भारत के लिये सर्वाधिक 50 प्लस स्कोर बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर्स का ब्योरा।
सचिन तेंदुलकर (145)
टीम इंडिया के लिये वन—डे क्रिकेट में सबसे अधिक 50 प्लस का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 1989 से 2012 तक टीम का 463 वन—डे विश्व रिकॉर्ड में प्रतिनिधित्व किया और 145 बार 50 प्लस की पारी खेलने में सफल रहे। 49 शतक लगाने वाले सचिन तेंदुलकर को वन—डे क्रिकेट में पहला दोहरा शतक लगाने का श्रेय भी हासिल है।
राहुल द्रविड़ (94)
अपने बेहतरीन प्रदर्शन के कारण राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया की वॉल कहा जाता था। उन्होंने 1996 से 2011 तक भारतीय टीम का 340 वन—डे मैचों में प्रतिनिधित्व किया और 94 बार 50 प्लस की पारी खेली। वह 50 प्लस की पारी खेलने के मामले में भारत के दूसरे सबसे सफल खिलाड़ी हैं। वैसे 12 शतकीय पारी खेलने वाले राहुल द्रविड़ का सर्वोच्च निजी स्कोर 153 रन है।
सौरव गांगुली (93)
खब्बू बल्लेबाज सौरव गांगुली की बल्लेबाजी शैली की दुनिया कायल थी और वह 50 प्लस का स्कोर बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। प्रिंस आॅफ कोलकाता के उपनाम से मशहूर रहे सौरव गांगुली ने 1992 से 2007 के बीच 308 वन—डे मैचों में सहभागिता करते हुए 93 बार 50 प्लस की पारी खेलने का रिकॉर्ड कायम किया। 22 शतकीय पारी खेलने वाले दादा का सर्वोच्च निजी स्कोर 183 रन है।
महेंद्र सिंह धोनी (74)
74 बार 50 प्लस की पारी खेलने के कारण टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी चौथे नंबर पर विराजमान हैं। 2004 से लेकर अब तक उन्होंने 296 वन—डे मैचों में शिरकत की है और इस दौरान 74 बार 50 प्लस की पारियां खेली हैं। 9 शतक लगाने वाले माही का सर्वोच्च निजी स्कोर अविजित 183 रन है।
विराट कोहली (73)
टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली 50 प्लस का स्कोर बनाने के मामले में पांचवें सबसे सफल भारतीय खिलाड़ी हैं। 2008 में वन—डे क्रिकेट में कदम रखने वाले विराट ने अब तक 73 बार 50 प्लस की पारियां खेली हैं। 28 शतक लगाने वाले इस युवा बल्लेबाज का सर्वोच्च निजी स्कोर 183 रन है।