जब एमएसके प्रसाद एंड कंपनी ने विश्व कप के लिए विराट कोहली की कप्तानी में इंग्लैंड जाने वाली टीम चुनी तो उन्होंने यह नहीं सोचा होगा कि वे भारत की आज तक की विश्व कप में खेलने वाली सबसे बुजुर्ग क्रिकेटरों की टीम चुन रहे हैं, जब सीमित ओवर क्रिकेट (शुरू में एक दिन वाले मैचों का नाम यही था) की शुरूआत हुई तो विशेषज्ञों ने इसमें खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए दो ही मंत्र तैयार किए – पहला: यह सिर्फ युवा जोश की क्रिकेट है और इसमें बुजुर्गों का कोई काम नहीं और दूसरा: इसके लिए ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है, जो खेल के हर हिस्से में अपना योगदान दे सकें।
समय के साथ इन दोनों सोच की धज्जियां उड़ गईं और विशेषज्ञों तथा 30 प्लस ने भी साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं। फिर भी हर टीम के चयनकर्ताओं के दिमाग से युवा जोश वाली बात पर पूरी तरह निकली नहीं। इसलिए उम्र को महत्व मिला। इसके बावजूद विराट कोहली की टीम की औसत उम्र लगभग 29.5 साल निकलती है – भारत ने कभी इतनी बड़ी औसत उम्र की टीम इससे पहले विश्व कप के लिए नहीं चुनी। वजह?
ये औसत उम्र बढ़ी 38 के करीब पहुंच रहे महेंद्र सिंह धोनी के कारण। और तो और 30 प्लस के वर्ग में विराट कोहली, शिखर धवन, रविंद्र जडेजा, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा को चुन लिया। दूसरी तरफ, उम्र संतुलित करने के नाम पर टीम में ‘बेबी’ कुलदीप यादव तो खुद 24 प्लस हैं।
भारत विश्व कप में अपना पहला मैच 5 जून को साउथंपटन में दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध खेलेगा और उस दिन देखिए चुने 15 की उम्र क्या होगी:
क्रम क्रिकेटर उम्र (साल-दिन)
1. कुलदीप यादव 24-173
2. जसप्रीत बुमराह 25-181
3. हार्दिक पांड्या 25-237
4. केएल राहुल 27-48
5. विजय शंकर 28-130
6. भुवनेश्वर कुमार 28-182
7. मौहम्मद शमी 28-275
8. युजवेंद्र चहल 28-317
9. रविंद्र जडेजा 30-181
10. विराट कोहली 30 -212
11. रोहित शर्मा 32-36
12. शिखर धवन 33-182
13. दिनेश कार्तिक 34-4
14. केदार जाधव 34-71
15. महेंद्र सिंह धोनी 37-333
भारत की पिछली सबसे बुजुर्ग विश्व कप टीम 2011 की थी और तब संयोग से जीते थे। तब ये औसत उम्र 28.3 साल थी और बॉस थे लगभग 37 साल के सचिन तेंदुल्कर। ये तेंदुल्कर का आखिरी विश्व कप था। मजे की बात ये है कि तेंदुल्कर दोनों तरह का रिकॉर्ड बनाने वाली टीम के लिए खेले। अगर उनकी 37 साल की उम्र ने 2011 की टीम की औसत उम्र बढ़ाई तो उनकी लगभग 18 साल की उम्र ने 1992 विश्व कप टीम की औसत उम्र घटाई। 1992 में भारत ने आज तक की औसतन सबसे कम उम्र वाली टीम भेजी थी (25.4 साल)।
अकेले सचिन तेंदुल्कर ही उसके लिए जिम्मेदार नहीं थे। कप्तान मौहम्मद अजहरूद्दीन विश्व कप के समय 29 साल 14 दिन के थे। 20 साल के विनोद कांबली, 21 साल के अजय जडेजा, 22 साल के जवागल श्रीनाथ और 23 साल के प्रवीन आमरे एवं सुब्रत बनर्जी भी टीम में थे।
इस बार भी उम्र कुछ संतुलित हो जाती अगर रिषभ पंत, पृथ्वी शॉ या शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी चुन लिए जाते। 5 जून वाले मैच के दिन ऋषभ पंत की उम्र सिर्फ 21 साल 244 दिन होगी। उनके मुकाबले में लगभग 34 के दिनेश कार्तिक को चुना।
इस सब का नतीजा ये होगा कि अगले विश्व कप में भारत की ‘बदली’ टीम नजर आएगी – इस ‘डैड्स आर्मी’ के कितने खिलाड़ी तब तक खेल रहे होंगे?