16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्वकप 2022 (T20 World Cup) खेला जाएगा। इसके लिए टीम इंडिया गुरुवार सुबह ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मेगा इवेंट के लिए चयनित 14 सदस्यीय स्क्वाड और स्पोर्ट स्टाफ की तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी है।
भारतीय टीम की फ्लाइट सिंगापुर होते हुए ऑस्ट्रेलिया के शहर पर्थ जाकर लैंड करेगी। वहां वे वेस्ट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलेंगे और फिर ब्रिस्बेन के लिए रवाना होंगे, जहां नीली जर्सी वाली टीम ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ वार्मअप मुकाबले खेलेगी।
टी20 विश्वकप 2022 में भारत अपना पहला मैच 23 अक्टूबर को मेलबर्न के मैदान में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा।
ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली (Virat Kohli) ने भी अपने अधिकारी इंस्टग्राम अकाउंट पर तेज गेंदबाज हर्षल पटेल और स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल के साथ तस्वीर पोस्ट की है।
इसके अलावा दाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने भी कप्तान रोहित शर्मा, सीनियर खिलाड़ी दिनेश कार्तिक और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीर साझा की है।
टीम इंडिया का टी20 विश्वकप 2022 से पहले वार्मअप मुकाबलों का कार्यक्रम इस प्रकार है –
10 अक्टूबर 2022 – भारत बनाम वेस्ट ऑस्ट्रेलिया इलेवन
12 अक्टूबर 2022 – भारत बनाम वेस्ट ऑस्ट्रेलिया इलेवन
17 अक्टूबर 2022 – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
19 अक्टूबर 2022 – भारत बनाम न्यूजीलैंड
Q. भारत ने टी20 विश्वकप कब जीता था?
A. 2007 में।