रविवार को गुजरात टाइटंस (GT) ने शुभमन गिल (Shubman Gill) के शानदार शतक के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को छह विकेट से हराया। इसके साथ ही आरसीबी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। गुजरात की इस जीत से न केवल आरसीबी आईपीएल 2023 से बाहर हुई, बल्कि इससे रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस (MI) प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही।
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें नजर आ रहा है कि मैच में जैसे ही शुभमन गिल ने विजयी छक्का लगाया, वैसे ही मुंबई इंडियंस का पूरा खेमा ख़ुशी से झूम उठा। सभी ने एक दूसरे को गले लगाया। कुछ खिलाड़ी, तो भांगड़ा करते भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में ऋतिक शौकीन, टिम डेविड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, कैमरून ग्रीन, नेहल बढेरा, तिलक वर्मा और मुंबई इंडियन के अन्य खिलाड़ियों के साथ – साथ टीम के सह मालिक आकाश अंबानी भी दिखाई दे रहे हैं।
आपको बता दें कि अब मुंबई इंडियंस का सामना बुधवार को एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जाइंट्स से होगा। खास बात यह है कि एमआई आईपीएल में एक भी बार लखनऊ को हराने में सफल नहीं हुई है।