gayle kohli
IPL 2008 से 2021 तक के सीजन में बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग के खास रिकॉर्ड पर एक नजर

इंडियन प्रीमियर लीग का कारवां सज चुका है। अब तो बस इंतजार है इस कारवां के सफर की शुरुआत का। इस सीजन का आगाज 26 मार्च से होने जा रहा है। अब तो फैंस इस तारीख का इंतजार भी नहीं कर पा रहे हैं। हर कोई इस बार आईपीएल के फुल डोज में घुल जाना चाहता है।

अभी कुछ दिन शेष हैं, इसी बीच हम आपके इंतजार को पूरा करने के लिए एक ही आर्टिकल में एक से एक रिकॉर्ड्स परोसने जा रहे हैं. देखिए

2008 से ही एक फ्रेंचाइजी के साथ खेलने वाला खिलाड़ी विराट कोहली

वैसे तो आईपीएल में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अपने करियर की शुरुआत से एक ही फ्रेंचाइजी से खेल रहे हैं, लेकिन जब बात करें आईपीएल की शुरुआत यानी 2008 से अब तक एक ही फ्रेंचाइजी से खेलने की तो यहां विराट कोहली का नाम आता है। विराट कोहली एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो पहले ही सीजन से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे हैं।

सबसे ज्यादा मैच- महेंद्र सिंह धोनी

आईपीएल के अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम है। महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के लिए खेलते हुए कुल 220 मैच खेले हैं।

सबसे ज्यादा रन- विराट कोहली

इस टी20 लीग में बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने की जबरदस्त रेस लग रही है, जहां कुछ बल्लेबाजों में आगे-पीछे की दिलचस्प रेस चल रही है, जिसमें 2021 के सीजन तक सबसे ज्यादा रन विराट कोहली के नाम है। विराट कोहली आईपीएल के पहले ही सीजन से खेल रहे हैं, जिन्होंने 207 मैचों की 199 पारियों में 6283 रन बनाए हैं।

सबसे ज्यादा शतक- क्रिस गेल

इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा शतक बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। क्रिस गेल ने इस लीग में 142 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम सबसे ज्यादा 6 शतक हैं।

सबसे ज्यादा फिफ्टी- डेविड वॉर्नर

आईपीएल में अर्धशतक के मामले में ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का जलवा रहा है। डेविड वॉर्नर ने इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 50 अर्धशतक जड़े हैं। 2009 से खेल रहे डेविड ने ये कारनामा 150 मैचों में किया है।

सबसे बड़ा स्कोर (टीम)- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में सबसे बड़ा टोटल बनाने का कमाल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने किया है। आरसीबी ने साल 2013 के सीजन में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 263 रन बनाए थे।

सबसे बड़ा स्कोर (व्यक्तिगत)- क्रिस गेल

आईपीएल में किसी एक बल्लेबाज के द्वारा एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने की बात करें तो ये कारनामा क्रिस गेल के नाम है। क्रिस गेल ने 2013 में आरसीबी के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 66 गेंद में 13 चौके और 17 छक्कों की मदद से नाबाद 175* रन बनाए थे।

सबसे ज्यादा चौके- शिखर धवन

आईपीएल में चौके लगाने की भी एक जबरदस्त रेस नजर आती रहती है, लेकिन इन सबके बीच 2021 के सीजन तक सबसे ज्यादा चौके लगाने की बात हो तो शिखर धवन का नाम आता है। शिखर धवन ने 192 मैचों में 654 चौके लगाए हैं।

सबसे ज्यादा छक्के- क्रिस गेल

टी20 क्रिकेट के यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का आईपीएल में कोई जवाब नहीं रहा है। क्रिस गेल के छक्के दुनियाभर की टी20 क्रिकेट में मशहूर हैं। कुछ उसी तरह से आईपीएल में भी छक्कों के सरताज क्रिस गेल ही हैं। गेल ने आईपीएल में खेले 142 मैचों में सबसे ज्यादा 357 छक्के लगाए हैं।

सबसे ज्यादा शून्य- 6 बल्लेबाजों के नाम

आईपीएल में जब सबसे ज्यादा चौके, छक्के या रनों की बात होती है तो इसी तरह से शून्य की बात भी जरूरी है, क्योंकि ये भी क्रिकेट में बल्लेबाजी का हिस्सा रहता है। आईपीएल में सबसे ज्यादा शून्य की बात करें तो 7 बल्लेबाज बराबरी पर मौजूद हैं। पीयूष चावला, हरभजन सिंह, पार्थिव पटेल, अजिंक्य रहाणे, अंबाती रायडू और रोहित शर्मा 13-13 बार शून्य का शिकार बने हैं।

सबसे ज्यादा विकेट- लसिथ मलिंगा

आईपीएल में श्रीलंका के लसिथ मलिंगा का खास और अलग ही प्रभाव रहा है। लसिथ मलिंगा भले ही अब आईपीएल खेलते नजर नहीं आएंगे, लेकिन इनके नाम सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। मलिंगा ने इस लीग में 2009 से 2019 तक खेले 122 मैचों में 170 विकेट झटके हैं।

सबसे बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन- अल्जारी जोसेफ

आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड लसिथ मलिंगा रखते हैं, लेकिन जब एक पारी में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आंकड़ों की बात करें तो ये काम वेस्टइंडीज के अल्जारी जोसेफ ने किया है। अल्जारी जोसेफ ने 2019 के सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सनराइजर्स के खिलाफ 3.4 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे।  

सबसे ज्यादा फाइव विकेट हॉल- जेम्स फॉकनर और जयदेव उनादकट

टी20 लीग में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली आईपीएल में कई गेंदबाज ऐसे हैं, जिनके नाम एक पारी में 4 विकेट सबसे ज्यादा बार लेने का रिकॉर्ड है, लेकिन एक पारी में 5 विकेट सबसे ज्यादा बार चटकाने का कमाल 2 गेंदबाजों ने 2-2 बार किया है। जेम्स फॉकनर और जयदेव उनादकट ने सबसे ज्यादा 2-2 बार फाइव विकेट हॉल किया है।

सबसे ज्यादा कैच- सुरेश रैना

आईपीएल में मिस्टर आईपीएल के नाम से पहचान बनाने वाले सुरेश रैना को इस सीजन में किसी भी टीम ने मौका नहीं दिया है, लेकिन इनके नाम कुछ रिकॉर्ड्स याद रहेंगे। सुरेश रैना के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 205 मैचों में सबसे ज्यादा 109 कैच लपके हैं।

बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा शिकार- महेन्द्र सिंह धोनी

फील्डर्स में सबसे ज्यादा कैच के बाद विकेटकीपर के शिकार की बात की जानी चाहिए। बतौर विकेटकीपर आईपीएल में सबसे ज्यादा शिकार करने का कमाल महेन्द्र सिंह धोनी के नाम है। धोनी ने आईपीएल में खेले 220 मैचों में 161 शिकार किए हैं,जिसमें 122 कैच करने के अलावा 39 स्टंपिंग हैं।

सबसे बड़ी जीत (रन के आधार पर)

आईपीएल में खिलाड़ियों के बात टीम की बात करें, जिसमें रन के आधार पर सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का कमाल मुंबई इंडियंस के नाम है। मुंबई इंडियंस ने साल 2017 के सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स को 146 रन से हराने में सफलता हासिल की थी।

सबसे बड़ी जीत (विकेट के आधार पर)

आईपीएल में रन के अलावा विकेट के आधार पर सबसे बड़ी जीत की बात करें तो ये कमाल 15 बार हुआ है, जिसमें 10 विकेट से जीत दर्ज हुई है। इनमें से सबसे ज्यादा 10 विकेट की जीत 4 बार आरसीबी ने की है।

सबसे बड़ी जीत (गेंद शेष रहते)

आईपीएल में सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट से जीत के बाद सबसे ज्यादा गेंद रहते जीत की बात करें तो भी यहां मुंबई इंडियंस ने कमाल किया है। मुंबई इंडियंस ने 2008 के पहले ही सीजन में केकेआर को 87 गेंद शेष रहते जीत हासिल की थी।

Leave a comment