आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के लिए शिरकत करने वाली सभी 10 टीमें इन दिनों मैदान में जमकर पसीना बहा रही हैं। 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस महा टूर्नामेंट के लिए टीमें अपना पूरा जोर लगाने को बेताब दिख रही हैं, जिसमें पहले खिताब की तलाश कर रही दक्षिण अफ्रीका की टीम भी मजबूत इरादे के साथ उतरेगी।
दक्षिण अफ्रीका की टीम में बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों में एक से एक मैच विनर खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इन 15 खिलाड़ियों के दम पर दक्षिण अफ्रीका की टीम किसी भी टीम को मात दे सकती है, तो चलिए इस आर्टिकल में करते हैं दक्षिण अफ्रीका टीम का पूरा विश्लेषण
प्रोटियाज टीम का मिडिल ऑर्डर है टीम की मजबूती
दक्षिण अफ्रीका की टीम का बल्लेबाजी क्रम बहुत ही शानदार है। इस टीम के पास ओपनिंग में क्विंटन डी कॉक के साथ रीज़ा हैंड्रिक्स हैं, जिसके बाद टेम्बा बावुमा और रासी वेन डर डुसेन जैसे बल्लेबाज हैं, लेकिन प्रोटियाज टीम को सबसे खतरनाक उनका मिडिल ऑर्डर बनाता है। यहां पर 3 ऐसे बल्लेबाज हैं, जो कभी भी किसी भी वक्त मैच का रूख पलट कर रख देने का माद्दा रखते हैं। जिसमें स्टार बल्लेबाज एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं। मार्करम जहां टीम के जरूरत के हिसाब से गियर चेंज करना जानते हैं, तो वहीं क्लासेन और मिलर बहुत ही विस्फोटक बल्लेबाज हैं, जो आखिरी के 10 या 15 ओवर में रनों का अंबार लगा सकते हैं। ऐसे में अगर दक्षिण अफ्रीका का मिडिल ऑर्डर चल पड़ा तो किसी भी बॉलिंग अटैक की खैर नहीं है।
चोकर्स के ठप्पे को मिटाना बन गया है चुनौती
वर्ल्ड कप इतिहास में दक्षिण अफ्रीका पर अक्सर ही चोकर्स का ठप्पा काले साए की तरह पीछे पड़ा रहता है। इस टीम में हमेशा ही एक चैंपियन वाली बात देखी गई हैं, जहां इनके लड़ने का जज्बा उन्हें हर एक टूर्नामेंट में दावेदार की लिस्ट में शामिल तो जरूर करता है, लेकिन ये टीम अक्सर ही किसी ना किसी कारण अपने अहम पड़ाव पर धराशाई हो जाती है। टीम को कई बार आखिरी पलों में टूर्नामेंट से बाहर होते देखा गया है। कभी बारिश उनके लिए विलेन का काम करती है, तो कभी अचानक ही दिग्गज खिलाड़ी ढेर हो जाते हैं। अब तक दक्षिण अफ्रीका एक भी बार वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है। चाहे हम 1992 का वर्ल्ड कप ले या 1999 का विश्व कप या फिर 2015 का टूर्नामेंट हर बार ये आखिर में चूक जाते हैं। जिसकी वजह समझ से परे हैं, लेकिन चोकर्स का जो ठप्पा सालों से चला आ रहा है वो अभी भी जारी है। ऐसे में उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती ही इस दाग को मिटाने की रहेगी।
इन खिलाड़ियों पर होंगी नजरें
हेनरिच क्लासेन – इस टीम के लिए पिछले करीब 5 साल में विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन बहुत ही अंदर-बाहर होते रहे हैं, लेकिन अब ये बल्लेबाज लगातार मिल रहे मौको को जमकर भुना रहा है। वो इस साल 10 मैचों की 9 पारी में 65.12 की औसत से 521 रन बना चुके हैं।
एडेन मार्करम – दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज एडेन मार्करम अब टीम के सबसे अहम बल्लेबाज बन चुके हैं। मार्करम ना केवल बल्लेबाजी बल्कि अपनी स्पिन गेंदबाजी से भी कमाल दिखाते रहे हैं। उन्होंने इस साल खेले 10 वनडे मैचों में अब तक 60.50 की औसत से 484 रन बनाए हैं। वो भारत की पिच पर स्पिन गेंदबाजी में भी दमखम दिखा सकते हैं।
एनरिच नॉर्खिया – दक्षिण अफ्रीका के लिए इस वर्ल्ड कप में तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्खिया बहुत ही खास होने वाले हैं। इस स्टार तेज गेंदबाज ने पिछले कुछ समय में दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज के रूप में पहचान बनायी है। उनका करियर अभी इतना ज्यादा लंबा नहीं हुआ है, जिन्होंने अब तक खेले 22 वनडे मैचों में 36 विकेट झटके हैं।
दक्षिण अफ्रीका का वर्ल्ड कप 2023 के लिए फुल शेड्यूल
तारीख | मैच | वेन्यू |
7 अक्टूबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम श्रीलंका | दिल्ली |
12 अक्टूबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया | लखनऊ |
17 अक्टूबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम नीदरलैंड | धर्मशाला |
21 अक्टूबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड | मुंबई |
24 अक्टूबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश | मुंबई |
27 अक्टूबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम पाकिस्तान | चेन्नई |
1 नवंबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड | पुणे |
5 नवंबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत | कोलकाता |
10 नवंबर | दक्षिण अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान | अहमदाबाद |
दक्षिण अफ्रीका का वर्ल्ड कप 2023 के लिए फुल स्क्वॉड
टेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसेन, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), सिसांडा मगला, केशव महाराज, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिच नॉर्खिया, कागिसो रबाडा, तबरेज शम्सी, रासी वेन डर डुसेन.