पृथ्वी शॉ और संजय मांजरेकर
5 सबसे बड़ी पारियां, जो भारतीय खिलाड़ियों द्वारा घरेलू क्रिकेट में खेली गई हैं

टीम इंडिया (Team India) के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) फ़िलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। पिछले कुछ समय से वे घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखा कर रहे हैं, लेकिन चयनकर्ता उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका देने को राजी नहीं हैं। मगर अब पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी में शानदार तिहरा शतक जड़ कर टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।

मंगलवार को असम और मुंबई के बीच खेले गए मुकाबले में असम की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई की तरफ से पृथ्वी शॉ ने पहले दिन धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जड़ा। इसके बाद दूसरे दिन भी उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और तूफानी तिहरा शतक जमा दिया। उन्होंने 383 गेंदों पर 379 रन बनाए, जिसमें 49 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। भारतीय घरेलू क्रिकेट इतिहास की यह दूसरी सबसे बड़ी पारी रही।

पृथ्वी शॉ से पहले भी कई भारतीय खिलाड़ियों ने डोमेस्टिक क्रिकेट में विशाल पारियां खेली खेली हैं और आज हम आपको ऐसे ही टॉप पांच खिलाड़ियों के बारे में बतांएगे, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में सबसे बड़ी पारियां खेली हैं। आइये जानते हैं कि कौन हैं वे प्लयेर –

1 – भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर (443*) –

महाराष्ट्र के पूर्व बल्लेबाज बी बी निंबालकर (B. B. Nimbalkar) भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के 1948-49 के सत्र में महाराष्ट्र की ओर से काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443* रन की पारी खेली थी। वो इस पारी के 75 साल बाद भी रणजी ट्रॉफी इतिहास में 400 रन का आंकड़ा पार करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4841 रन बनाए हैं।

2 – पृथ्वी शॉ (379) –

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) ने 11 जनवरी को रणजी ट्रॉफी के 2022 -23 सत्र में मुंबई की तरफ से असम के खिलाफ 379 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 49 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। भारतीय घरेलू क्रिकेट इतिहास की यह दूसरी सबसे बड़ी पारी रही। 23 वर्षीय पृथ्वी ने अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 3244 और लिस्ट ए में 2627 रन बनाए हैं।

3 – संजय मांजरेकर (377) –

संजय मांजरेकर (Sanjay Manjrekar) ने रणजी ट्रॉफी 1990-91 सीजन में बॉम्बे की ओर से खेलते हुए हैदराबाद के खिलाफ 377 रन की जोरदार पारी खेली थी। मांजरेकर 30 साल से अधिक समय तक भारतीय डोमेस्टिक क्रिकेट में उच्चतम पारी खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे, लेकिन मंगलवार को पृथ्वी शॉ ने उनका रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। अब संजय तीसरा स्थान पर खिसक गए हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 10252 और लिस्ट में 5175 रन बनाए हैं।

4 – एमवी श्रीधर (366) –

श्रीधर (MV Sridhar) ने हैदराबाद की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेला। उनके बल्ले से रणजी ट्रॉफी 1993-94 सीजन में आंध्र प्रदेश के खिलाफ 366 रन की पारी खेली। यह भारतीय घरेलू क्रिकेट में खेली गई अब तक की चौथी सबसे बड़ी पारी है। श्रीधर के करियर की बात करें, तो उन्होंने 97 फर्स्ट क्लास में 6701 रन और 35 लिस्ट ए मुकाबलों में 930 रन बनाए।

5 – विजय मर्चेंट (359*) –

टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी विजय मर्चेंट (Vijay Merchant) ने रणजी ट्रॉफी 1943-44 में बॉम्बे की तरफ से महाराष्ट्र के खिलाफ 359* रन की नाबाद पारी खेली थी। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 150 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 13470 रन बनाए थे।

600 से ज्यादा घंटो तक क्रीज़ पर टिके हैं 5 बल्लेबाज़ – VIDEO

YouTube video

Leave a comment