IPL
आईपीएल इतिहास में जड़े गए 5 सबसे तेज शतक

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) शुरू होने अब अधिक समय शेष नहीं है। इस रंगारंग टूर्नामेंट का पहला सीजन 2008 में खेला गया था। इन 15 वर्षों में कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट फैंस का मनोरंजन किया।

आईपीएल में अब तक 75 बल्लेबाजों ने शतक जड़ा है। इन सभी शतकों की अपनी एक कहानी है। मगर आज हम आपको टूर्नामेंट में जड़े गए पांच सबसे तेज शतकों के बारे में बताएंगे। आईपीएल में सबसे तेजी से शतक जड़ने वालों खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप-5 में केवल एक भारतीय है, तो आइए नजर डालते हैं आईपीएल में सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाले प्लेयर्स की सूची पर –

5 – एबी डी विलियर्स (43 गेंद)

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डी विलियर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की पांचवी सबसे तेज सेंचुरी जड़ी है। उन्होंने 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर की तरफ से खेलते हुए 43 गेंदों में गुजरात लायंस के खिलाफ शतक जमाया था। मैच में डी विलियर्स ने कुल 52 गेंदों पर 10 चौके और 12 छक्कों की मदद से 129 रन बनाए। वहीं, परिणाम की बात करें, तो यह मुकाबला आरसीबी ने 144 रन जीता था।

4 – एडम गिलक्रिस्ट (42 गेंद)

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने आईपीएल के पहले ही सीजन में डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 42 गेंदों में सेंचुरी जड़ी थी। उन्होंने अपनी पारी में 47 गेंदों में 109 रन बनाए थे। इस दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 10 छक्के और 9 चौके जड़े थे। यह मुकाबला डेक्कन ने 10 विकेट से अपने नाम किया।

3 – डेविड मिलर (38 गेंद)

दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर ने आईपीएल 2013 में किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के खिलाफ महज 38 गेंदों में सैकड़ा पूरा किया था। यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है। उन्होंने अपनी पारी में 38 गेंदों पर 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 101 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 265.78 रहा। यह मुकाबला पंजाब ने 6 विकेट से अपने नाम किया था।

2 – युसूफ पठान (37 गेंद)

टीम इंडिया के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी युसूफ पठान ने 2010 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए 37 गेंदों में 100 रन पूरे किए थे। उन्होंने यह तूफानी पारी मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेली थी। इस दौरान पठान ने 9 चौके और 8 छक्के जमाए थे। हालांकि, यह मुकाबला मुंबई ने 4 रन से अपने नाम किया था।

1 – क्रिस गेल (30 गेंद)

इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक क्रिस गेल ने वर्ष 2013 में जड़ा था। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर की तरफ से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में शतक जमाया था। गेल की तूफानी पारी शतक के बाद भी नहीं रुकी, उन्होंने 66 गेंदों में 13 चौकों और 17 छक्कों की मदद से 175 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 265.15 का रहा।

IPL से बाहर होने के लिए KKR है तैयार – VIDEO

YouTube video

Leave a comment