vinod kambli-rahane-pant
विनोद कांबली ने मुंबई में अजिंक्य रहाणे और ऋषभ पंत को ट्रेनिंग दी।

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) और स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Ajinkya Rahane) ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाने से पहले मुंबई में पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली (Vinod Kambli) के साथ अभ्यास किया। रहाणे पिछले काफी समय से खराब फॉर्म में चल रहे हैं। पूर्व भारतीय टेस्ट उप कप्तान के बल्ले से रन नहीं बनने के कारण वह दबाव में भी हैं। उन्होंने पिछले 12 महीने में 17के औसत से रन बनाए हैं। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका पर उनका फॉर्म में लौटना उनके और टीम के लिए बेहद जरूरी है।

विनोद कांबली ने मुंबई में अजिंक्य रहाणे और ऋषभ पंत को ट्रेनिंग दी। इस दौरान कांबली के बेटे क्रिस्टियानो भी मौजूद थे। हाल ही में कांबली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर रहाणे और पंत के साथ फोटो शेयर की है, जिसमें दोनों खिलाड़ी अभ्यास करते दिख रहे हैं। 49 साल के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने इस पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, “मुझे अजिंक्य रहाणे और ऋषभ पंत को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए मदद करने में काफी आनंद आया और साथ ही मेरे बेटे को भी कुछ टिप्स मिले।”

वहीं, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मैच 26 दिसंबर से सेंचुरियन में खेला जाएगा। इस दौरे से पहले भारत को बड़ा झटका लग गया है। भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान रोहित शर्मा टेस्ट सीरीज से हैमस्ट्रिंग की चोट कारण बाहर हो गए हैं। इस बात की पुष्टि बीसीसीआई ने सोमवार को करते हुए कहा कि रोहित दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।

रोहित नेट्स में प्रैक्टिस करते हुए चोटिल हो गए। अब उनकी जगह आगामी टेस्ट सीरीज के लिए प्रियांक पांचाल को टीम में शामिल किया गया है। हाल ही में बोर्ड ने रोहित शर्मा को अजिंक्य रहाणे की जगह भारत की टेस्ट टीम का उप कप्तान नियुक्त किया था। अब रोहित के बाहर होने के बाद इस सीरीज के लिए बोर्ड किसको उप कप्तान नियुक्त करता है वह देखना होगा।

Leave a comment